जयपुर। राजधानी में इस बार ईद और गणगौर का पर्व एक साथ मनाया जाएगा। इसे देखते हुए जयपुर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है और शहर में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद किया गया है।
पुलिस ने दोनों प्रमुख आयोजनों को ध्यान में रखते हुए विस्तृत सुरक्षा और ट्रैफिक प्लान तैयार किया है, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।
सुबह ईद की नमाज, शाम को गणगौर सवारी
ईद के अवसर पर सुबह 7 बजे से ईदगाह क्षेत्र में नमाज के दौरान यातायात डायवर्ट किया जाएगा। वहीं शाम को गणगौर की पारंपरिक सवारी सिटी पैलेस से रवाना होकर छोटी चौपड़ होते हुए निर्धारित मार्ग पर निकलेगी। इस दौरान भी प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।
पार्किंग और मार्गों की विशेष व्यवस्था
अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर डॉ. राजीव पचार ने बताया कि गणगौर सवारी के दौरान पार्किंग की व्यवस्था गोविंद देवजी मंदिर परिसर, सिटी पैलेस पार्किंग और चौगान स्टेडियम में रहेगी। सवारी के दौरान सिटी पैलेस से छोटी चौपड़ जाने वाले मार्ग पर यातायात को डायवर्ट किया जाएगा।
ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी
भीड़भाड़ वाले इलाकों, नमाज स्थलों और जुलूस मार्गों पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए कड़ी नजर रखी जाएगी। अभय कमांड सेंटर से पूरे शहर की गतिविधियों की मॉनिटरिंग होगी, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई संभव हो सके।
संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल
दोनों त्योहारों को देखते हुए शहर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। हर आयोजन और जुलूस के लिए अलग-अलग सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
वैकल्पिक मार्ग और ट्रैफिक प्लान तैयार
पुलिस ने पहले से विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। ईद की नमाज और गणगौर की शोभायात्रा के दौरान आमजन की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की गई है, जिससे शहर में यातायात सुचारु बना रहे।
अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर है। ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया गया है और ड्रोन सर्वे के जरिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की गई है।
ईदगाह में विशेष तैयारियां
डॉ. राजीव पचार के अनुसार ईदगाह में होने वाली बड़ी नमाज को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। यहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।




















