जयपुर। लोकप्रिय कोर्टरूम फ्रेंचाइजी की नई कड़ी जॉली एलएलबी 3 अब टीवी दर्शकों के लिए भी तैयार है। फिल्म का वर्ल्ड टीवी प्रीमियर रविवार 22 मार्च को रात 8 बजे स्टार गोल्ड पर किया जाएगा।
निर्देशक सुभाष कपूर के निर्देशन में बनी इस फिल्म की खास बात यह है कि इसमें पहली बार फ्रेंचाइजी के दोनों चर्चित किरदार एक साथ नजर आएंगे—जगदीश्वर मिश्रा की भूमिका में अक्षय कुमार और जॉली जगदीश त्यागी के रूप में अरशद वारसी। दोनों के बीच कोर्टरूम में होने वाली टक्कर दर्शकों के लिए खास आकर्षण बनेगी।
फिल्म की कहानी एक बड़े जमीन घोटाले के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें कोर्टरूम ड्रामा, सामाजिक मुद्दों और हास्य का संतुलित मेल देखने को मिलता है। यह आम आदमी के नजरिए को सामने रखते हुए मनोरंजन के साथ संदेश भी देती है।
प्रीमियर को लेकर अक्षय कुमार ने कहा कि जॉली मिश्रा के रूप में वापसी करना उनके लिए घर लौटने जैसा रहा, लेकिन इस बार दोनों जॉली के आमने-सामने आने से फिल्म और भी खास बन गई। वहीं अरशद वारसी ने भी लंबे समय बाद अपने किरदार में लौटने को भावुक और यादगार अनुभव बताया।
गौरतलब है कि बॉक्स ऑफिस पर सफलता के बाद अब यह फिल्म छोटे पर्दे पर भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करने के लिए तैयार है। ‘जॉली बनाम जॉली’ की यह दिलचस्प टक्कर दर्शकों को हंसी, ड्रामा और रोमांच का डबल डोज देने वाली है।




















