शिवपुराण कथा में एआई कैमरों की तीसरी आँख ने पकड़ी अंतरराज्यीय महिला चोर गैंग

0
33

जयपुर। मानसरोवर के शिप्रापथ स्थित राजस्थान आवासन मण्डल की भूमि पर आयोजित पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा के पहले ही दिन जयपुर पुलिस ने आधुनिक तकनीक का उपयोग कर भीड़ का फायदा उठाकर चोरी और चेन स्नैचिंग करने वाली एक शातिर अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश करते हुए चौदह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जिनमें 11 महिलाएं शामिल हैं।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए पहली बार कार्यक्रम स्थल पर पांच एआई कैमरों से निगरानी शुरू की गई है । इन कैमरों ने मशीन लर्निंग के जरिए भीड़ में संदिग्ध गतिविधियों को पहचाने के बाद कंट्रोल रूम की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी राजस्थान और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के रहने वाले है। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सुनीता (20), पूजा (30), तमन्ना (19), पूनम (20), सौमोता (55) और मंजू (23), पिंकी देवी (38) और सरिता देवी (40), कुन्ती देवी (30), बबीता (22) और आरती देवी (25) ,दिनेश सैनी (दौसा), संतोष (कोटा) और श्याम रावत व सुन्दर शर्मा शामिल है।

इन गिरफ्तार आरोपियों में भरतपुर, डीग, हनुमानगढ़ के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी भी शामिल हैं । ये आरोपी लाइनों में लगकर श्रद्धालुओं के साथ धक्का-मुक्की कर रहे थे ताकि मोबाइल और चेन स्नैचिंग जैसी वारदातों को अंजाम दे सकें।

जानकारी के अनुसार 26 मार्च तक चलने वाले इस भव्य आयोजन की सुरक्षा के लिए पुलिस ने भारी जाब्ता तैनात किया है। जिसमे 2 डीसीपी, 13 एडिशनल डीसीपी और 38 एसीपी सहित 32 निरीक्षक, 60 उप-निरीक्षक, 545 हेड कांस्टेबल—कांस्टेबल और 255 महिला कांस्टेबल शामिल है और साथ ही 100 होमगार्ड और आरएसी की 2 कंपनियों सहित सीएसटी और चारों जिलों (उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम) की डीएसटी टीमें तैनात की गई हैं।

पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने कीमती सामान के प्रति सजग रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here