जयपुर। जवाहर कला केंद्र में आयोजित ‘आश्रय फेस्ट 2026’ में ‘आश्रय केयर होम’ ने अपनी 20 वर्षों की सेवा यात्रा का उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और संगीत संध्या ने माहौल को भावनात्मक और उत्साहपूर्ण बना दिया।
संस्था की संस्थापक सुशीला ने बताया कि पॉजिटिव वुमन नेटवर्क ऑफ राजस्थान सोसायटी के तहत जयपुर के निर्माण नगर और नेवटा में एचआईवी/एड्स प्रभावित बच्चों के लिए आवासीय बाल गृह संचालित किए जा रहे हैं, जहां उन्हें आवास, शिक्षा, प्रशिक्षण, स्वास्थ्य, उपचार, पोषण, योग, परामर्श और मनोरंजन जैसी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। अब तक करीब 3 हजार बच्चों और महिलाओं को इसका लाभ मिल चुका है।
उन्होंने बताया कि संस्था की “आश्रय केयर एंड सपोर्ट सेंटर” योजना के माध्यम से जयपुर, श्रीगंगानगर, दौसा, सवाई माधोपुर, करौली और टोंक जिलों के 10 हजार से अधिक एचआईवी/एड्स प्रभावित परिवारों को पंजीकृत कर उन्हें एआरटी सेंटर से जोड़कर निःशुल्क चिकित्सा सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है, साथ ही सरकारी योजनाओं का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व प्रशासनिक अधिकारी जगदीश चंद्रा और सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा मौजूद रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में श्रुति भारद्वाज (आईएएस), रमेश सिंह, अरुण कुमार सिंह, डॉ. आशुतोष पंत और डॉ. आदित्य नाग शामिल हुए।
इस संस्थापक सुशीला के मार्गदर्शन में आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में मरु-कोकिला सीमा मिश्रा मुख्य आकर्षण रहीं। इसके अलावा आरजे देवांगना, डॉ. भूमिका अग्रवाल और भजन गायिका टीना शर्मा ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आश्रय में रह रही बालिकाओं के सशक्तिकरण और उनके उज्जवल भविष्य को संवारना रहा। जिसमें बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।



















