महिला थाने में पति से मारपीट: तीन तलाक केस में फंसाने की चेतावनी

0
59

जयपुर। शहर के महिला थाना (पश्चिम) में तलाक से जुड़े मामले के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब दहेज का सामान जमा करवाने पहुंचे एक युवक के साथ उसकी पत्नी और परिजनों ने मारपीट कर दी। पीड़ित ने मुरलीपुरा थाने में पत्नी और उसकी बहन के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।

पुलिस के अनुसार झोटवाड़ा निवासी 30 वर्षीय युवक ने रिपोर्ट में बताया कि वर्ष 2025 में उसकी पत्नी ने महिला थाना (पश्चिम) में उसके खिलाफ दहेज का मुकदमा दर्ज कराया था। न्यायालय के आदेशानुसार बकाया स्त्री धन जमा करवाने के लिए वह 20 मार्च को अपने परिजनों के साथ महिला थाने पहुंचा था। इस दौरान उसकी पत्नी अपनी बहन और 4-5 अन्य लोगों के साथ वहां मौजूद थी।

रिपोर्ट के मुताबिक बकाया सामान प्रस्तुत करने के बाद पति-पत्नी पुलिस अधिकारी के सामने बैठे थे। इसी दौरान पत्नी अचानक उठी और पति को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद उसने अपनी बहन के साथ मिलकर युवक के साथ मारपीट की और उसे ‘तीन तलाक’ के मामले में फंसाने की धमकी दी।

घटना के दौरान थाने में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और परिजनों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को शांत कराया। पीड़ित युवक बाद में अपने परिजनों के साथ मुरलीपुरा थाने पहुंचा, जहां उसने पत्नी और उसकी बहन के खिलाफ मारपीट व धमकी देने का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here