जयपुर। शहर में मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जवाहर नगर थाना पुलिस ने करीब 1000 किलो नकली पनीर और 800 किलो घी बरामद किया है। यह सामग्री मेवात से लाकर शहर के छोटे डेयरी केंद्रों पर सप्लाई की जानी थी।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पूर्व) आलोक सिंघल ने बताया कि शांति पथ स्थित ‘क्वालिटी पनीर सेंटर’ पर संदिग्ध पिकअप से नकली पनीर-घी उतारा जा रहा था। घी ड्रमों में भरा था, जबकि पनीर को छोटे-छोटे बॉक्स में बर्फ में छिपाकर रखा गया था।
एसीपी लक्ष्मी सुथार के अनुसार गश्त के दौरान संदिग्ध वाहन की जांच में 11 कंटेनर (बॉक्स) मिले, जिनमें प्रत्येक में करीब 80-90 किलो पनीर भरा हुआ था। साथ ही बड़ी मात्रा में घी और क्रीम भी बरामद हुई।
थानाधिकारी महेशचंद गुर्जर ने बताया कि होली के दौरान भी टीला नंबर-1 क्षेत्र में करीब 250 किलो नकली मावा-पनीर पकड़ा गया था, जिसके बाद से इलाके में निगरानी बढ़ाई गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इन मिलावटी उत्पादों को असली बताकर बाजार में बेचा जा रहा था। सीएमएचओ की टीम ने सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी है।
वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग ने विश्वकर्मा इंडस्ट्रियल एरिया में बड़ी कार्रवाई करते हुए मेसर्स वर्षा एंटरप्राइजेज (जैसल्या) पर छापा मारकर 4840 किलोग्राम मिलावटी मिर्च पाउडर जब्त किया। यहां रंग और चापड़ मिलाकर मिर्च पाउडर तैयार किया जा रहा था। जांच के लिए दो सैंपल लिए गए हैं।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन तथा अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह और संयुक्त आयुक्त डॉ. विजय प्रकाश शर्मा के सुपरविजन में हुई इस कार्रवाई में फर्म संचालक मुजाहिदा बेगम ने बताया कि मिर्च पाउडर धीरज नामक कारोबारी के लिए तैयार किया जाता था, जिसे बाजार में रिटेल में बेचा जाता था। जांच रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




















