
जयपुर। चांदपोल बाजार स्थित प्राचीन एवं पावन ठिकाना मंदिर श्री रामचन्द्र जी में चल रहे नव दिवसीय श्री राम जन्मोत्सव के अंतर्गत मंगलवार को गौरांग मंडल की ओर से भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का विशेष वातावरण देखने को मिलेगा।
महंत नरेंद्र तिवाड़ी ने बताया कि इस अवसर पर विभिन्न स्थानों से संत-महात्माओं का आगमन होगा, जिनके सान्निध्य में सत्संग, भजन-कीर्तन, नाम संकीर्तन एवं धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा। मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जाएगा, जिससे सम्पूर्ण वातावरण भक्ति और आध्यात्मिकता से ओतप्रोत रहेगा।
उन्होंने बताया कि संत-महात्माओं के श्रीमुख से धर्मोपदेश एवं प्रभु भक्ति का महत्व सुनने का अवसर श्रद्धालुओं को मिलेगा। भजन मंडलियों द्वारा सुमधुर भजनों, संकीर्तन एवं मंगलगान की प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो जाएगा। श्रद्धालुजन सामूहिक रूप से प्रभु नाम संकीर्तन कर धर्मलाभ प्राप्त करेंगे।
महंत तिवाड़ी के अनुसार, गौरांग मंडल द्वारा आयोजित यह उत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भक्ति, प्रेम, सद्भाव और सनातन संस्कृति की पावन परंपराओं का जीवंत उदाहरण है। ऐसे आयोजनों से समाज में संस्कार, सदाचार और आध्यात्मिक जागरण को बढ़ावा मिलता है तथा नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने बताया कि श्री राम नवमी की पूर्व संध्या पर मंदिर में राजदरबार सजाया जाएगा तथा श्री प्रेम भाया मंडल द्वारा बधाई उत्सव का आयोजन किया जाएगा।



















