जयपुर में क्रिकेट का बिग फाइट 128 टीमों की एंट्री

0
116

जयपुर। राजधानी जयपुर में कॉर्पोरेट क्रिकेट का सबसे बड़ा आयोजन सिरसी रोड स्थित संस्कार खेल ग्राउंड पर शानदार अंदाज़ में शुरू हुआ। उत्साह, ऊर्जा और प्रतिस्पर्धा के माहौल के बीच इस मेगा टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

टूर्नामेंट के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि एवं मुख्य स्पॉन्सर, पूर्व सेना मेडलिस्ट और समाजसेवी आनंद सिंह शेखावत (हनुमानपुरा) ने शिरकत की। उनके आगमन पर आयोजकों और खिलाड़ियों ने जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए आनंद सिंह शेखावत ने कहा कि खेल सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का मजबूत माध्यम है।

उन्होंने कहा कि कॉर्पोरेट सेक्टर में कार्यरत युवाओं के लिए ऐसे टूर्नामेंट तनाव दूर करने के साथ-साथ आपसी समन्वय और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देते हैं।

आयोजन समिति के संयोजक पवन शर्मा ने बताया कि टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में आनंद विहार और वीडियो क्रिएटर टीम आमने-सामने हुई, जिसमें आनंद विहार ने शानदार जीत दर्ज की। मैन ऑफ द मैच को 2100 रुपये नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इस भव्य आयोजन में कुल 128 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें 16 महिला टीमें और 10 टीमें वीडियो क्रिएटर एवं इन्फ्लुएंसर वर्ग की शामिल हैं। सभी खिलाड़ियों को टी-शर्ट, कैप, मेडल, सर्टिफिकेट, स्मृति चिन्ह और भोजन पैकेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में सेलिब्रिटी गेस्ट निर्भय वर्धा (संकट मोचन हनुमान फेम) सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान खेल के प्रति उत्साह और जोश साफ देखने को मिला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here