जयपुर। बनी पार्क थाना क्षेत्र में कुख्यात गैंगस्टरों द्वारा एक बिजनेसमैन को जान से मारने की धमकी देने और रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर गैंगस्टर रोहित गोदारा, वीरेंद्र चारण और राहुल फतेहपुरिया के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कुचामन सिटी निवासी व्यापारी को पिछले डेढ़ महीने से मोबाइल फोन पर लगातार धमकी भरे कॉल आ रहे थे। करीब डेढ़ महीने पहले भी आरोपियों ने उसे कॉल कर जान से मारने की धमकी दी थी, जिसकी रिपोर्ट पीड़ित ने कुचामन सिटी थाने में दर्ज कराई थी।
इसके बावजूद आरोपियों ने दोबारा कॉल कर रंगदारी मांगना शुरू कर दिया। 22 मार्च को आए थ्रेट कॉल में बदमाशों ने कहा कि “पुलिस गार्ड भी आपको नहीं बचा पाएगी, हमने आपकी पूरी रेकी कर रखी है और मौका मिलते ही जान से मार देंगे।”
लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर पीड़ित ने सोमवार को बनीपार्क थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।




















