जयपुर। गुलाबी नगरी में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए जयपुर पुलिस की ‘कालिका पेट्रोलिंग यूनिट’ पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। पुलिस कमिशनर सचिन मित्तल के निर्देशन में यह यूनिट शहर के शैक्षणिक संस्थानों, गर्ल्स हॉस्टल, पीजी, मॉल्स और पार्कों जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में मनचलों और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रख रही है।
अतिरिक्त पुलिस कमिशनर योगेश दाधीच और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रानू शर्मा के नेतृत्व में यूनिट ने त्वरित कार्रवाई का उदाहरण पेश किया है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रानू शर्मा ने बताया कि ड्यूटी के दौरान यूनिट की सदस्य मन्नी और सुमनबाला ने आदर्श नगर थाना इलाके के राजा पार्क में कार्रवाई की।
यहाँ अपनी पत्नी को घर से निकालने की धमकी देने और आए दिन मारपीट करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार करवाया । इसके अलावा यूनिट का मुख्य फोकस स्कूलों और कॉलेजों के बाहर बालिकाओं का पीछा करने, छींटाकशी करने या अश्लील हरकतें करने वाले मनचलों पर है। निर्भया हेल्पलाइन पर प्राप्त होने वाली शिकायतों पर भी टीम तत्काल एक्शन ले रही है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रानू शर्मा ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए निर्भया हेल्पलाइन मोबाइल में सेव करें। यह हेल्पलाइन 24 घंटे कार्य करती है । किसी भी विषम परिस्थिति में पीड़ित महिला इन नंबरों पर लिखित संदेश, ऑडियो, वीडियो या रिकॉर्डिंग भेजकर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकती है।



















