घर के बाड़े में ही उगा रखे थे गांजे के 280 पौधे

0
40
280 cannabis plants were being grown right within the home's compound.
280 cannabis plants were being grown right within the home's compound.

जयपुर। राजधानी में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत सेज थाना पुलिस ने अवैध गांजे की खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में गांजे के पौधे और तैयार माल बरामद किया है।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध खेती पर अंकुश लगाने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया था। इसी दौरान सेज थानाधिकारी उदय सिंह के नेतृत्व में गठित टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि जैजसपुरा इलाके में एक व्यक्ति अपने घर के पीछे अवैध रूप से गांजे की खेती कर रहा है।

पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बैरवा कॉलोनी जैजसपुरा में दबिश दी। वहां आरोपी रामजीलाल बैरवा के मकान के पीछे स्थित बाड़े की तलाशी लेने पर पुलिस दंग रह गई। आरोपी ने वहां गांजे के 280 पौधे उगा रखे थे।

पुलिस ने बाड़े से उखाड़े गए 280 पौधों को जब्त किया। जिसका कुल वजन 5 किलो 310 ग्राम पाया गया। इसके अलावा मौके से पौधों से तैयार किया गया 190 ग्राम अवैध गांजा भी बरामद किया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर माल को सीज कर दिया है।

पुलिस ने इस मामले में रामजीलाल बैरवा (60) को गिरफ्तार किया है। आरोपी से अब इस संबंध में गहनता से पूछताछ की जा रही है कि वह इस नशे की सप्लाई कहां करता था और इसमें कौन-कौन शामिल हैं।

एडिशनल डीसीपी (पश्चिम) राजेश गुप्ता और एसीपी (बगरू) हेमेंद्र शर्मा के सुपरविजन में हुई इस कार्रवाई में थानाधिकारी उदय सिंह, हेड कांस्टेबल दीपेन्द्र सिंह, कांस्टेबल काना राम, मोतीलाल और वीरेन्द्र कुमार की अहम भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here