नकली खाद्य तेल सप्लायर व पैकिंग कर्ता गिरफ्तार

0
53

जयपुर। चाकसू थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नकली ब्रांड के खाद्य तेल की सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पिकअप चालक राजेन्द्र कुमार उर्फ राजू मीना को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ‘सोना सिक्का’ ब्रांड के नाम पर भरे 200 टीन नकली खाद्य तेल बरामद किए हैं।

पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि चाकसू क्षेत्र में संदिग्ध पिकअप वाहन की जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई। मामले में पुलिस थाना चाकसू में प्रकरण संख्या 148/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धाराओं सहित कॉपीराइट अधिनियम 1957 एवं ट्रेडमार्क अधिनियम 1999 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी एवं नकली ब्रांड तैयार करने वाले नरेन्द्र खण्डेलवाल को भी गिरफ्तार कर लिया। उसे दौसा के रीको एरिया डीडवाना से पकड़ा गया, जहां से नकली ब्रांड के टीन (पीपे) भी बरामद किए गए।

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा के सुपरविजन एवं सहायक पुलिस आयुक्त चाकसू भवानी सिंह के निर्देशन में गठित टीम द्वारा की गई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा नकली खाद्य तेल बनाने व सप्लाई करने में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here