जयपुर। बिंदायका थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी व्यवसायी पर फायरिंग और जानलेवा हमले के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ पहले से ही हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट और अपहरण जैसे गंभीर मामलों में कई प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि 14 मार्च 2026 को परिवादी कमलदीप मीनापुर उर्फ कमल मीणा (45) निवासी सिरसी रोड ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि वह अपने साथी जितेन्द्र मीणा और ड्राइवर अनिल सिंह के साथ बालाजी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान हाथोज फाटक के पास एक थार गाड़ी ने उनकी कार को टक्कर मारी। इसके बाद अन्य वाहनों ने भी घेरकर टक्कर मारी और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्तालय के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की और कार्रवाई करते हुए आसीन उर्फ यासीन खान, विष्णु सिंह उर्फ लोकेन्द्र, गजेन्द्र सिंह उर्फ गज्जू बन्ना और इरशाद अली को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। उनसे घटना में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी और अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार,आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे उनके आपराधिक इतिहास का भी खुलासा हुआ है। मामले की जांच जारी है।




















