जयपुर। नाहरगढ़ जैविक उद्यान, जयपुर में पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण जुड़ गया है। जम्मू (जम्मू एवं कश्मीर) से लाए गए एक नर एवं एक मादा हिमालयन काले भालू को आमजन के अवलोकन हेतु प्रदर्शित किया गया।
वन—पर्यावरण,जलवायु परिवर्तन,विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग राजस्थान सरकार के मंत्री संजय शर्मा ने गुरुवार एनक्लोजर के डिस्प्ले एरिया का फीता काटकर औपचारिक उद्घाटन किया। इसके साथ ही दोनों भालुओं को पर्यटकों के लिए खोला गया।
उद्यान प्रशासन के अनुसार नर भालू की आयु लगभग 30 माह तथा मादा भालू की आयु लगभग 21 माह है। मंत्री ने नर भालू का नाम “हरि” और मादा भालू का नाम “कमला” रखा।इस अवसर पर बाघ शिवाजी एवं बाघिन रानी के पांच शावकों का नामकरण भी किया गया। नर शावकों के नाम “सूर्या”, “शौर्य” और “विजय” जबकि मादा शावकों के नाम “अम्बे” और “वृंदा” रखे गए।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने जैविक उद्यान परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद कुमार, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन बल प्रमुख) पवन कुमार उपाध्याय तथा मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक के.सी.ए. वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


















