जयपुर। मुहाना थाना क्षेत्र में विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से लाखों रुपए ठगने का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने चंडीगढ़ स्थित “माइलस्टोन एजुकेशन एंड इमिग्रेशन सर्विसेज” फर्म के ऑनर अनु ठाकुर, सुमन, काउंसलर तपेश व गीतांजलि के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
एसआई नरेन्द्र कुमार के अनुसार मानसरोवर निवासी सुरेश कुमार मीना (40) ने रिपोर्ट दी कि एक वर्ष पहले ऑनलाइन संपर्क के बाद आरोपियों ने दुबई में 3200 दिरहम प्रतिमाह नौकरी, वीजा, टिकट व रहने-खाने का खर्च उठाने का झांसा दिया और बाद में यूरोप में नौकरी दिलाने का वादा किया।
इसके लिए उससे कुल करीब 4 लाख रुपए लिए गए। पीड़ित ने 2.85 लाख रुपए ऑनलाइन और 1.15 लाख रुपए नकद चंडीगढ़ कार्यालय में दिए, साथ ही अलग-अलग एमओयू पर साइन कराते समय 20-20 हजार रुपए भी वसूले गए।
6 दिसंबर 2025 को दुबई भेजने के दौरान जयपुर एयरपोर्ट पर टिकट देने से मना कर 32,500 रुपए और वसूले गए। दुबई पहुंचने पर कोई रिसीव करने नहीं आया और उसे 50 लोगों के साथ एक हॉल में ठहराया गया। जॉब आईडी नहीं मिलने पर दुबई पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। बाद में मजदूरी कर गुजारा करते हुए पीड़ित ने स्वयं प्रयास कर 18 जनवरी 2026 को जॉब आईडी बनवाई और 22 जनवरी को जयपुर लौटा।
28 जनवरी को चंडीगढ़ कार्यालय में पैसे मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौच कर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली, जिस पर मुहाना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




















