जयपुर। शनि पुष्य नक्षत्र में शनिवार को छोटीकाशी के गणेश मंदिरों में प्रथम पूज्य का पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। मोती डूंगरी गणेश मंदिर में सुबह आठ बजे से पंचामृत अभिषेक किया जाएगा।
अभिषेक में 251 किलो दूध, 21 किलो दही, घी, 21 किलो बूरा, शहद, केवड़ा जल, गुलाब जल, केवड़ा इत्र एवं गुलाब इत्र का उपयोग किया जाएगा। सर्वप्रथम भगवान का गंगाजल, केवड़ा जल एवं गुलाब जल से अभिषेक किया जाएगा। पंचामृत से अभिषेक के बाद गंगाजल से शुद्ध स्नान कराया जाएगा।
प्रात: 11 बजे भगवान श्री गणपति के सहस्त्रनाम के साथ 1001 मोदकों का भोग अर्पित किया जाएगा। पूजन के उपरांत श्रद्धालुओं को रक्षा सूत्र एवं स्वास्थ्य की कामना के लिए हल्दी का प्रसाद वितरित किया जाएगा। शाम 4 बजे भगवान श्री गणेश जी महाराज को फूल बंगले में विराजमान कराया जाएगा तथा उन्हें नवीन पोशाक धारण कराई जाएगी। इस अवसर पर भगवान को विशेष भोग के रूप में खीर अर्पित की जाएगी।




















