गलता पीठ कुण्ड पर हुए स्वच्छता अभियान में श्रद्धालुओं को किया जागरूक

0
57

जयपुर। नगर निगम जयपुर के आदर्श नगर जोन के वार्ड संख्या 130 स्थित पवित्र गलता पीठ कुण्ड पर शनिवार को स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। यह पहल धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण के समन्वय का उदाहरण बनी।

नगर निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी ने बताया कि अभियान के दौरान श्रद्धालुओं को पूजा-पाठ में उपयोग की गई सामग्री—फूल-माला, कपड़े, दीपक एवं अन्य धार्मिक अवशेष—का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें समझाया गया कि इन सामग्रियों को सीधे जल स्रोत में प्रवाहित करने से जल प्रदूषण बढ़ता है, जिससे पर्यावरण और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

इसी क्रम में नगर निगम द्वारा धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए नई पहल भी शुरू की गई है। मंदिरों में अलग-अलग पात्र रखवाए गए हैं, जिनमें श्रद्धालु धार्मिक तस्वीरें, फूल-माला, दीपक, रोली-टीका सहित अन्य पूजा सामग्री अलग-अलग डाल सकें। इस व्यवस्था का उद्देश्य धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखना और पूजा सामग्री का उचित निस्तारण सुनिश्चित करना है।

नगर निगम टीम ने श्रद्धालुओं को ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26’ के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया। उपस्थित नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए सक्रिय सहयोग का संकल्प लिया।

अभियान की विशेषता जनभागीदारी रही, जिससे यह संदेश गया कि स्वच्छता केवल निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। कार्यक्रम को सफल बनाने में पीआईयू टीम एवं वार्ड के मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक सहित उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here