सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही एक्शन में आई पुलिस

0
38

जयपुर। शहर के सोडाला थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवती को चिन्हित किया है। वीडियो में युवती एक बाइक में तोड़फोड़ करती हुई नजर आ रही है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह घटना 22 गोदाम पुलिया के पास राम मंदिर के सामने की है।

डीसीपी (दक्षिण) राजर्षि राज के अनुसार पिछले 3–4 दिनों से वायरल हो रहे वीडियो का विश्लेषण किया गया, जिसमें एक युवती पहले हेलमेट और बाद में पत्थर से बाइक को नुकसान पहुंचाती दिख रही थी। जांच में बाइक का नंबर RJ 60 QS 6207 पाया गया, जिसके आधार पर वाहन मालिक से संपर्क किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि 23 मार्च 2026 को 22 गोदाम पुलिया पर एक स्कूटी के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रही बाइक उससे टकरा गई और फिर एक अन्य बाइक से भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में स्कूटी चालक और आरोपी युवती को हल्की चोट आई तथा युवती की नई पैंट फट गई।

घटना के बाद युवती ने बीच सड़क पर हंगामा किया और 1700 रुपए की मांग करने लगी। मौके पर जाम लगने पर लोगों ने समझाइश कर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन युवती ने गुस्से में आकर बाइक के साइड मिरर, इंडिकेटर और अन्य हिस्सों को हेलमेट और पत्थर से तोड़ दिया।

पुलिस ने वीडियो के आधार पर युवती की पहचान कर उसे पूछताछ के लिए बुलाया, जहां उसने अपनी गलती स्वीकार की। युवती ने लिखित में माफीनामा भी दिया और घटना को लेकर खेद व्यक्त करते हुए एक वीडियो जारी किया।
पुलिस के अनुसार पीड़ित युवक ने डर के कारण रिपोर्ट दर्ज कराने से इनकार कर दिया।

हालांकि युवती के कृत्य को देखते हुए उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 324(4) तथा बीएनएसएस 2023 की धारा 126, 135(3) के तहत कार्रवाई कर इस्तगासा तैयार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि युवती के व्यवहार से भविष्य में शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए कानूनी कार्रवाई की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here