जयपुर। शहर में शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में पावर बाइक सवार तीन मेडिकल छात्र घायल हो गए। हादसा जेएलएन मार्ग स्थित जीटी पुलिया के पास उस समय हुआ, जब आगे चल रही कार के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रही बाइक उसमें जा घुसी।
पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब 10:30 बजे हुआ था। एसएमएस मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग के छात्र समर, सुनील और देवांक बाइक पर सवार होकर कॉलेज से जवाहर सर्किल की ओर जा रहे थे। जीटी पुलिया के पास आगे चल रही कार के अचानक ब्रेक लगाने से संतुलन बिगड़ गया और बाइक कार से टकरा गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और पुलिस ने तुरंत तीनों घायलों को एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों में समर की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। सुनील की स्थिति भी नाजुक बताई जा रही है, जबकि देवांक की हालत स्थिर है।
मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी के निर्देशन में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम इलाज में जुटी है। टीम में अस्पताल अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी, ट्रॉमा सेंटर प्रभारी डॉ. राजेंद्र मांडिया और न्यूरोसर्जरी विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. अचल शर्मा सहित अन्य डॉक्टर शामिल हैं।
पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर क्षतिग्रस्त बाइक को थाने में खड़ा करवा दिया है तथा कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।




















