महावीर जयंती पर शोभायात्रा के चलते यातायात व्यवस्था में बदलाव

0
54

जयपुर। महावीर जयंती के उपलक्ष्य में 30 मार्च सोमवार को प्रातः 7 बजे शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा चौकड़ी मोदीखाना स्थित महावीर पार्क से रवाना होकर चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया गेट, त्रिपोलिया बाजार, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, सांगानेरी गेट, बापू बाजार और न्यू गेट होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगी, जहां इसका समापन सभा के रूप में होगा।

शोभायात्रा के दौरान यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। शोभायात्रा मार्ग पर आने वाले यातायात को 15 मिनट पहले ही डायवर्ट कर समानांतर मार्गों से निकाला जाएगा। साथ ही पूरे मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी।

यातायात पुलिस के अनुसार रामनिवास बाग चौराहा से न्यू गेट और चौड़ा रास्ता की ओर जाने वाले वाहनों को सांगानेरी गेट और यादगार तिराहे की ओर मोड़ा जाएगा। त्रिपोलिया टी-पॉइंट से चौड़ा रास्ता जाने वाले वाहनों को छोटी चौपड़ और बड़ी चौपड़ की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

इसी तरह शोभायात्रा के त्रिपोलिया टी-पॉइंट पर पहुंचने से पहले छोटी चौपड़ और बड़ी चौपड़ से आने वाले यातायात को भी वैकल्पिक मार्गों पर मोड़ा जाएगा। बड़ी चौपड़ पर शोभायात्रा के पहुंचने से पहले सांगानेरी गेट, रामगंज चौपड़ और सुभाष चौक से आने वाले वाहनों का मार्ग भी परिवर्तित किया जाएगा।

सांगानेरी गेट पर शोभायात्रा पहुंचने से पहले न्यू गेट से बापू बाजार जाने वाले वाहनों को भी डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि कार्यक्रम के दौरान असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here