जयपुर। मानसरोवर की पत्रकार कॉलोनी स्थित खरबास सर्कल के पास एक निर्माणाधीन चार मंजिला कॉम्प्लेक्स में काम कर रहे मजदूर के हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे के दौरान हुए जोरदार धमाके से आसपास का क्षेत्र दहल उठा और शहर के एक बड़े हिस्से की बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हो गई।
जानकारी के अनुसार, बिहार के नालंदा निवासी मजदूर रामनाथ मंगलवार सुबह करीब 10:49 बजे चौथी मंजिल पर लिफ्ट के अटके हुए तार को खींच रहा था। इसी दौरान तार उछल कर ऊपर से गुजर रही 132 केवी सांगानेर-मानसरोवर हाईटेंशन लाइन के इंडक्शन जोन में आ गया। पलक झपकते ही तेज शॉर्ट सर्किट हुआ और मजदूर आग की लपटों में घिर गया।
चश्मदीदों के अनुसार धमाका इतना तेज था कि ऐसा लगा जैसे एक साथ कई गैस सिलेंडर फट गए हों। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग और मजदूर घबरा कर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से झुलसे रामनाथ को साथी मजदूरों ने संभाला। जबकि आरोप है कि ठेकेदार मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि करीब 50 प्रतिशत से अधिक झुलसे मजदूर को पहले एसएमएस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन कानूनी प्रक्रिया के डर से उसे वहां भर्ती नहीं कराया गया। बाद में उसे मानसरोवर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे के कारण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। मामले को लेकर संबंधित विभागों की ओर से जांच की संभावना जताई जा रही है।


















