जयपुर। जवाहर नगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजिता शर्मा के अनुसार क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त के निर्देशन में थानाधिकारी महेश चंद्र गुर्जर के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
इसके बाद पुलिस टीम ने सौरभ सैनी उर्फ बॉबी (30) निवासी प्रेमनगर जयपुर और अभिषेक उर्फ अभि भटनागर (23) निवासी गोपालपुरा बायपास जयपुर को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी देर रात कॉलोनियों में घूमकर पहले रेकी करते थे। इसके बाद घरों के बाहर खड़े दोपहिया वाहनों के लॉक तोड़कर चोरी करते और उन्हें कम कीमत में बेचकर नशे की पूर्ति करते थे।
दोनों आरोपियों के खिलाफ जयपुर शहर के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार सौरभ सैनी पर 15 से अधिक और अभिषेक भटनागर पर भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के खुलासे में जुटी हुई है।
थानाधिकारी महेश चंद्र गुर्जर ने बताया कि परिवादी प्रदीप कुमार खानवानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल 26 मार्च की रात घर के बाहर खड़ी थी। जो 29 मार्च को गायब मिली। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।


















