जयपुर। रामनगरिया थाना क्षेत्र में एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि पत्नी के लगातार दूरी बनाने से परेशान होकर युवक ने अपनी शादी की सालगिरह के अगले दिन यह कदम उठाया। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट और मोबाइल में सुसाइड वीडियो भी मिला है।
पुलिस के अनुसार दौसा के बसवा निवासी शाहबाज खान (27) ने 28 फरवरी को जगतपुरा स्थित सीबीआई फाटक के पास ट्रेन के आगे छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। वह रेवाड़ी-मानसेर में एक निजी कंपनी में कार्यरत था। 27 फरवरी 2023 को उसकी शादी दौसा निवासी कशिश (25) से हुई थी। दंपती की दो वर्षीय बेटी भी है।
परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही पत्नी कशिश अक्सर विवाद कर पीहर चली जाती थी और वापस आने से इनकार करती थी। आरोप है कि वह अपनी मर्जी से घूमने-फिरने जाती और पैसों की मांग करती थी, जिसे शाहबाज पूरा करता रहा।
मृतक के भाई शाहिद खान ने रिपोर्ट में बताया कि दिसंबर 2025 में साले की शादी में शाहबाज से करीब डेढ़ लाख रुपए खर्च करवाए गए। इसके बाद भी ससुराल पक्ष द्वारा उसके साथ मारपीट की गई। पत्नी के कहने पर शाहबाज ने रेवाड़ी की नौकरी छोड़ दी और फरवरी 2026 में जयपुर के भांकरोटा क्षेत्र के जयसिंहपुरा में किराए का मकान लेकर नई नौकरी शुरू की, लेकिन इसके बावजूद पत्नी साथ नहीं आई।
27 फरवरी 2026 को शादी की तीसरी सालगिरह पर भी पत्नी ने कॉल और मैसेज का जवाब नहीं दिया। परेशान होकर शाहबाज ने उसे लगातार मैसेज कर बात करने की गुहार लगाई। अगले दिन 28 फरवरी की सुबह वह बाइक लेकर घर से निकला और जगतपुरा रेलवे स्टेशन की पार्किंग में बाइक खड़ी कर सीबीआई फाटक के पास ट्रेन के आगे कूद गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कमरे की तलाशी में सुसाइड नोट मिला, जिसमें उसने लिखा— “मेरी जिंदगी के कुछ पल मेरी बेटी फातिका को बता देना।” मोबाइल में पत्नी को भेजे गए कई संदेश और रोते हुए बनाया गया वीडियो भी मिला है, जिसमें वह ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप लगाता दिख रहा है। पुलिस ने मृतक के भाई की रिपोर्ट पर पत्नी कशिश, सास तसलीम, साले बिलाल, शाहदाब उर्फ राहुल और जिसान के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


















