जयपुर। राजधानी की जिला विशेष टीम जयपुर पूर्व और खोह नागोरियान थाना पुलिस ने मंगलवार को संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध गैस रिफिलिंग के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने जेएनयू अस्पताल के पास स्थित नारायण सिटी में दबिश देकर एक महिला को गिरफ्तार किया और भारी मात्रा में घरेलू व व्यावसायिक गैस सिलेंडर बरामद किए हैं।
भारी मात्रा में उपकरण और वाहन जब्त
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि अवैध गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने मौके से 74 अवैध गैस सिलेंडर घरेलू व व्यावसायिक,03 गैस भरने की मोटर,01 इलेक्ट्रॉनिक कांटा ओर एक बोलेरो पिकअप जब्त की है।
महंगे दामों पर बेचते थे सिलेंडर
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी महिला लक्ष्मी मीणा (30) निवासी नारायण सिटी ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपी महिला पिछले 4-5 माह से अपने पति बलराम मीणा के साथ मिलकर यह अवैध धंधा चला रही थी। गिरोह ₹1200 में घरेलू सिलेंडर खरीदकर उन्हें ₹1300 में बेचता था।
साथ ही, घरेलू गैस को व्यावसायिक सिलेंडरों में रिफिल कर ₹1980 प्रति सिलेंडर की दर से बाजार में खपाया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में रसद विभाग के माध्यम से आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और वाहन मालिक की तलाश में जुटी है।
यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार सिंघल और सहायक पुलिस आयुक्त (मालवीय नगर) विनोद शर्मा के सुपरविजन में की गई। टीम में थानाधिकारी ओमप्रकाश मातवा, डीएसटी प्रभारी सुखवीर सिंह और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।


















