एलपीजी कालाबाजारी पर पुलिस का शिकंजा: 461 सिलेंडर जब्त कर किए 19 प्रकरण दर्ज

0
57
Major Crackdown on LPG Black Marketing
Major Crackdown on LPG Black Marketing

जयपुर। पुलिस आयुक्तालय जयपुर में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और आपूर्ति में अनियमितताओं के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 19 प्रकरण दर्ज कर 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान कुल 461 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि विशेष पुलिस कमिश्नर (ऑपरेशंस) ओम प्रकाश के सुपरविजन में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। एलपीजी बुकिंग और सिलेंडर आपूर्ति में देरी से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए सभी थाना अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

कार्रवाई के तहत जिला पूर्व में 6 प्रकरण दर्ज कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर 207 सिलेंडर जब्त किए गए। जिला पश्चिम में 7 प्रकरणों में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर 203 सिलेंडर, जिला उत्तर में 3 प्रकरणों में 1 आरोपी को गिरफ्तार कर 31 सिलेंडर तथा जिला दक्षिण में 3 प्रकरणों में 1 आरोपी को गिरफ्तार कर 20 सिलेंडर जब्त किए गए।

पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में स्थित करीब 98 गैस एजेंसियों की लगातार जांच की जा रही है। थानाधिकारी, सीएसटी और डीएसटी टीमों द्वारा नियमित निरीक्षण कर उच्चाधिकारियों को फीडबैक दिया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here