सामोद वीर हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव पर सुबह 4 बजे से दर्शन

0
31
Darshan at Samod Veer Hanuman Temple begins at 4:00 AM on Hanuman Janmotsav.
Darshan at Samod Veer Hanuman Temple begins at 4:00 AM on Hanuman Janmotsav.

जयपुर। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर चौमू क्षेत्र के मंदिरों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सामोद पर्वत स्थित श्री वीर हनुमान मंदिर धाम में 2 अप्रैल को आयोजित महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने दर्शन समय में बदलाव करते हुए अब मंदिर के पट सुबह 4 बजे खोलने का निर्णय लिया है, ताकि अधिक से अधिक भक्त सुगमता से दर्शन कर सकें।

मंदिर प्रशासन के अनुसार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आयोजन के दौरान 48 पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। मंदिर परिसर, मुख्य द्वार, सीढ़ियों, कच्चे रास्तों और पार्किंग स्थलों पर पुलिस बल लगाया जाएगा, वहीं ढलान क्षेत्र और सिंहद्वार पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

भीड़ प्रबंधन के लिए स्काउट गाइड, मंदिर सेवा समिति के करीब 60 कार्यकर्ता और 15 सेवादार तैनात किए गए हैं, जो श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन और आवश्यक सहायता प्रदान करेंगे। मंदिर के जगतगुरु अवध बिहारी देवाचार्य महाराज और प्रबंधक अभिषेक शर्मा ने श्रद्धालुओं से प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

चौमूं शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी हनुमान जन्मोत्सव को लेकर उत्सव का माहौल है। खादी बाग रोड स्थित प्राचीन शिव बजरंग मंदिर में 1100 दीपों से महाआरती और छप्पन भोग का आयोजन किया जाएगा। सेवा समिति के कैसी बछेरा के अनुसार महाआरती शाम 6:15 बजे होगी।

इस अवसर पर विभिन्न मंदिरों में सुंदरकांड, हनुमान चालीसा, हनुमान बाहुक और सहस्त्रनामावली के पाठ होंगे। भोजलावा स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में मेले का आयोजन होगा। इसके अलावा धौली मंडी हनुमान मंदिर, जयपुर रोड स्थित इमली वाले हनुमान मंदिर और सामोद रोड स्थित गोठे वाले बालाजी मंदिर में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here