जयपुर। पुलिस कमिश्नरेट जयपुर क्षेत्र में एक विवाहिता के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक परिचित युवक ने मिलने के बहाने उसे होटल में बुलाया, जहां नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोशी की हालत में दुष्कर्म किया और उसका अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता रहा।
पुलिस के अनुसार 19 वर्षीय विवाहिता ने शिकायत में बताया कि आरोपी उससे परिचित था और दोनों के बीच बातचीत होती रहती थी। आरोपी ने किसी जरूरी काम का बहाना बनाकर 20 दिसंबर को उसे मिलने के लिए बुलाया और होटल ले गया। वहां उसे धोखे से नशीला पेय पिला दिया। जिससे वह बेहोश हो गई। इस दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
होश में आने पर विरोध करने पर आरोपी ने मोबाइल में बनाई गई अश्लील वीडियो क्लिप दिखाकर उसे वायरल करने की धमकी दी। लोकलाज के भय से पीड़िता चुप रही, लेकिन आरोपी लगातार वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करता रहा।
लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर पीड़िता ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे थाने ले गए, जहां आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया गया। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।




















