सस्पेंड पुलिस कांस्टेबल का अपहरण कर लूट

0
40
Impostor Baba kidnapped minor girl
Impostor Baba kidnapped minor girl

जयपुर। रामनगरिया थाना क्षेत्र के जगतपुरा में सस्पेंड पुलिस कांस्टेबल का अपहरण कर लूट की वारदात सामने आई है। बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर उसे जबरन कार में बैठाया और मारपीट कर नकदी सहित ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए कुल करीब 1.25 लाख रुपए लूट लिए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार पीड़ित तरुण राज (32) राजस्थान पुलिस में कांस्टेबल है, जो वर्ष 2021 में जालोर में शराब तस्करों से मिलीभगत के मामले में निलंबित चल रहा है। सोमवार रात करीब 10 बजे वह अपनी पत्नी के साथ कार से मालवीय नगर जा रहा था। इस दौरान जगतपुरा 7 नंबर चौराहे पर सामान लेने के लिए वह कार से नीचे उतरा।

इसी दौरान एक स्विफ्ट कार वहां आकर रुकी, जिसमें सवार 3-4 बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर उसे जबरन कार में बैठा लिया। शोर मचने पर उसकी पत्नी ने विरोध करते हुए कार के आगे खड़े होकर उसे बचाने की कोशिश की। लेकिन बदमाश उसे जबरन उठाकर ले गए।

बदमाशों ने चलती कार में उसके साथ मारपीट की और जेब में रखे करीब 40 हजार रुपए छीन लिए। इसके अलावा उससे ऑनलाइन करीब 85 हजार रुपए का ट्रांजेक्शन भी करवा लिया। करीब आधे घंटे तक कार में घुमाने के बाद आरोपी उसे सुनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित की पत्नी ने थाने में मामला दर्ज कराया है। जांच अधिकारी गजानंद मीणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी लेनदेन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here