जयपुर। राजधानी जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक खाली प्लॉट में युवक का अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव को प्लास्टिक के कट्टे में बांधकर फेंका गया था और पहचान छिपाने के लिए उस पर ज्वलनशील केमिकल डालकर जलाने का प्रयास किया गया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि सुबह करीब 6:30 बजे राहगीरों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना पर करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और निवारू पुलिया के पास एक खाली प्लॉट में अर्धजला शव बरामद किया।
थानाधिकारी सवाई सिंह के अनुसार घटनास्थल शिव नगर बालाजी धाम मंदिर के पास कालवाड पुलिया से निवारू पुलिया के बीच सर्विस लाइन के निकट स्थित है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सवाई मानसिंह अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या कहीं अन्य स्थान पर की गई और बाद में शव को प्लास्टिक के कट्टे में बांधकर यहां लाकर फेंका गया। पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाई गई, हालांकि शव पूरी तरह नहीं जल पाया।
एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और घटनास्थल से जुड़े सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 20-25 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसका कद करीब 5 फीट 4 इंच, वजन 55 से 60 किलो, रंग गेहुंआ तथा हल्की दाढ़ी-मूंछ है। उसने बनियान और नीले रंग की जींस पहन रखी थी। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी पहचान के प्रयासों के साथ-साथ हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुटी है। शुरुआती तौर पर इसे सुनियोजित हत्या मानते हुए जांच की जा रही है।




















