जयपुर। राजधानी की माणक चौक थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नागपुर (महाराष्ट्र) की कुख्यात कामटी गैंग के पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह गैंग राहगीरों को अपनी बातों में उलझाकर और भगवान का डर दिखाकर उनके कीमती जेवरात व सामान पार कर देती थी।
पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त अल्टो कार भी बरामद की है इन आरोपियों के खिलाफ राजस्थान सहित मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक व अन्य राज्यों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि माणक चौक थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नागपुर (महाराष्ट्र) की कुख्यात कामटी गैंग के शातिर बदमाश जाबिर अली उर्फ जाबिर पंजाबी (41), जाफर जैदी (59), अली रजा उर्फ गुड्डू (40), अली नकी जैदी (20) व शेख अरबाज उर्फ साहिल (28) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त अल्टो कार बरामद की गई। गिरफ्तारी के दौरान भागने की कोशिश में दो आरोपी घायल हो गए, जिनका उपचार करवाया गया। पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर ने बताया कि यह गैंग बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देती थी। जहां गैंग के सदस्य खुद को सिद्ध पुरुष या पुजारी बताकर लोगों को रोकते थे।
वे पीड़ित को भगवान के नाराज होने या श्राप देने का डर दिखाकर डराते और फिर शुद्धिकरण या पूजा के नाम पर उनके जेवरात उतरवा लेते थे । इसके बाद पीड़ित को आंखें बंद कर कुछ कदम चलने को कहा जाता और इसी बीच आरोपी सामान लेकर रफूचक्कर हो जाते थे।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं और इनके खिलाफ राजस्थान के अलावा मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे राज्यों में चोरी, लूट और धोखाधड़ी के दर्जनों मामले दर्ज हैं । जाबिर अली पर 9 और अली रजा पर 5 गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं । पुलिस गैंग के नेटवर्क व अन्य वारदातों की जांच कर रही है।
थानाधिकारी राकेश ख्यालिया ने बताया कि 19 जनवरी 2026 को माणक चौक क्षेत्र में एक युवक से इसी तरीके से ज्वेलरी ठगी गई थी। जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आस-पास के करीब 200 सीसीटीवी फुटेज खंगाले । तकनीकी विश्लेषण से सामने आया कि वारदात में नागपुर की कामटी गैंग शामिल है और वे अल्टो कार का उपयोग कर रहे हैं।
वहीं पुलिस को सूचना मिली कि यह गैंग पुनः वारदात के इरादे से जयपुर आ रही है । इसी दौरान गैंग ने विद्याधर नगर इलाके में एक ज्वेलरी कारोबारी से 79 चांदी की अंगूठियां ठगने की वारदात के बाद पुलिस ने पीछा कर दूदू (अजमेर रोड) से 3 और विद्याधर नगर से 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में और भी कई वारदातें खुलने की आशंका जताई जा रही है।




















