जयपुर। जयपुर पुलिस की खोराबीसल थाना पुलिस ने सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने करधनी, कालवाड और खोराबीसल थाना क्षेत्रों में एक दर्जन से अधिक वारदातें करना कबूल किया है। जिनके पास से सोने—चांदी जेवरात सहित नगदी बरामद की है। साथ ही चोरी के औजार और वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी भी जब्त की है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि खोराबीसल थाना पुलिस ने सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले देव प्रताप सिंह उर्फ देव (21) निवासी करणी विहार व हाल खोराबीसल तथा रुद्राक्ष मिश्रा उर्फ गोविंद (22) निवासी सोडाला हाल खोराबीसल को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने इनके कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, 2,74,607 रुपए नकद, चोरी के औजार और वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी जब्त की है। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी जयपुर में किराए पर रहकर वारदात को अंजाम देते थे। शक से बचने के लिए खुद को ऑनलाइन बिजनेस करने वाला बताते थे।
दिन में कॉलोनियों में घूम कर सूने मकानों की रेकी करते और रात में ताला तोड़कर जेवर, नकदी व कीमती सामान चुरा लेते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने करधनी क्षेत्र में किराए का मकान लेकर उसे सेफ हाउस बना रखा था। चोरी का माल और नकदी मकान की फॉल्स सीलिंग में छिपाकर रखते थे। जिससे किसी को भनक तक नहीं लगती थी।
थानाधिकारी सुरेंद्र चौधरी के अनुसार आरोपियों से 3 जोड़ी सोने की बालियां, 4 सोने की पातड़ियां, 1 सोने की अंगूठी, 7 चांदी की अंगूठियां, 5 जोड़ी चांदी की पायजेब, चांदी के सिक्के सहित नकदी बरामद की गई है। पुलिस आरोपियों ने अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।




















