हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में भीषण आग: दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

0
32

जयपुर। राजस्थान हाउसिंग बोर्ड के सांगानेर सर्किल कार्यालय में रविवार दोपहर भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग में बेसमेंट में रखा सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि, घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

सीतापुरा फायर स्टेशन से पहुंची दमकल की 5 गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान बेसमेंट में धुएं के कारण फायरकर्मियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जिसके चलते एयर वेंटिलेशन के शीशे तोड़कर धुआं बाहर निकाला गया।

फायर स्टेशन कर्मी रामस्वरूप ने बताया कि दोपहर करीब 2:30 बजे शॉर्ट सर्किट के चलते ऑफिस के बेसमेंट में आग लगी। उस समय कार्यालय बंद था, जिससे शुरुआत में धुआं निकलता दिखाई दिया और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।

आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने 2-3 फेरे लगाकर आग पर नियंत्रण पाया।

फायर विभाग के अनुसार बेसमेंट में कार्यालय का कुछ सामान और कबाड़ रखा हुआ था, जो आग में पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here