भाजपा मुख्यालय में सीएम भजनलाल शर्मा का कमरा नंबर-5 तैयार

0
62

जयपुर। राजधानी जयपुर स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, सरदार पटेल मार्ग में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के लिए आधिकारिक कक्ष तैयार कर दिया गया है। मुख्यालय के कमरा नंबर-5 के बाहर मुख्यमंत्री के नाम की पट्टिका भी लगा दी गई है। मुख्यमंत्री बनने के करीब ढाई वर्ष बाद यह व्यवस्था किए जाने को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार भाजपा मुख्यालय का कमरा नंबर-5 लंबे समय से पावर सेंटर के रूप में जाना जाता रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के कार्यकाल में यह कक्ष उनकी सक्रियता का प्रमुख केंद्र रहा। अब इसी कक्ष का मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के लिए आरक्षित होना पार्टी के भीतर बदलते समीकरणों और नए नेतृत्व की स्थापना का संकेत माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, संगठन से जुड़े नेता होने के कारण अक्सर पार्टी मुख्यालय आते रहे हैं। अब इस स्थायी कक्ष के माध्यम से वे प्रदेशाध्यक्ष, पदाधिकारियों और विभिन्न जिलों से आने वाले कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर सकेंगे। इससे संगठन और सरकार के बीच समन्वय और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।

जानकारों के अनुसार आमतौर पर मुख्यमंत्री बनने के बाद जल्द ही पार्टी मुख्यालय में कक्ष आवंटित हो जाता है, लेकिन इस मामले में लगभग ढाई वर्ष का समय लगा। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री अपनी सादगी और कार्यकर्ता शैली के चलते अब तक औपचारिक व्यवस्था से दूर रहे, लेकिन अब गोपनीय और महत्वपूर्ण बैठकों के लिए एक व्यवस्थित कक्ष की आवश्यकता महसूस की गई।

कक्ष के बाहर मुख्यमंत्री के नाम की पट्टिका लगने के बाद राजनीतिक हलकों और सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसे केवल प्रशासनिक व्यवस्था नहीं, बल्कि संगठन में भजनलाल शर्मा की बढ़ती पकड़ और नेतृत्व के नए दौर के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री के कक्ष को देखते हुए यहां सुरक्षा और गोपनीयता के विशेष प्रबंध किए गए हैं। हालांकि यह कक्ष पार्टी मुख्यालय परिसर में है, लेकिन मुख्यमंत्री की उपस्थिति के दौरान आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा। आने वाले समय में कोर कमेटी बैठकों और महत्वपूर्ण फीडबैक कार्यक्रमों में इस कक्ष की भूमिका अहम रहने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here