मसाला फैक्ट्री पर छापा, हजारों किलो मिलावटी मसाले जब्त

0
31
Raid on Spice Factory
Raid on Spice Factory

जयपुर। प्रदेश में चल रहे ‘शुद्ध आहार एवं मिलावट पर वार’ अभियान के तहत केंद्रीय दल ने बुधवार को ब्यावर में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मसाला फैक्ट्री से भारी मात्रा में मिलावटी मसाले जब्त किए। कार्रवाई देर रात तक चली, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश तथा अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह के सुपरविजन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। मिलावटी मसालों की शिकायतों के आधार पर केंद्रीय दल के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सराधना इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मैसर्स महावीर गृह उद्योग पर छापा मारा।

कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री में रंग और चापड़ मिलाकर मिर्च पाउडर तैयार किया जा रहा था। मौके से 5480 किलो मिलावटी मिर्च पाउडर और 1400 किलो चापड़ को सीज किया गया। फैक्ट्री परिसर में चापड़ के कट्टों से भरी एक गाड़ी भी पाई गई, जिसे मिर्च पाउडर में मिलाकर बाजार में खपाने की तैयारी थी।

टीम ने इसी से जुड़ी दूसरी फर्म मैसर्स गुलाब चंद-उत्तम चंद के परिसर में भी जांच की, जहां मिर्च, धनिया और हल्दी को पीसने का कार्य किया जा रहा था। यहां से हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, मिर्च पाउडर और साबुत मिर्च के नमूने लिए गए।

इसके अलावा 1550 किलो हल्दी पाउडर, 700 किलो धनिया पाउडर और 1900 किलो मिर्च पाउडर को भी सीज किया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावट के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here