15 साल से फरार दो स्थाई वारंटी गिरफ्तार

0
33

जयपुर। सिंधी कैंप थाना पुलिस ने 15 साल पुराने एक प्रकरण में फरार चल रहे दो स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी पाई है। पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि पुलिस आयुक्तालय द्वारा फरार अपराधियों और स्थाई वारंटियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार गुप्ता और सहायक पुलिस आयुक्त (सदर) धर्मवीर सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी माधोसिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। जहां गठित टीम ने अथक प्रयास और प्रभावी घेराबंदी करते हुए न्यायालय द्वारा जारी वारंट के आधार पर पिछले 15 वर्षों से छिपकर रह रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पकड़े गए आरोपियों में से उस्मान यह पूर्व में पारीक कॉलेज के पास स्वामी बस्ती में रहता था, लेकिन वर्तमान में भट्टा बस्ती और खोनागोरियान क्षेत्र में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। वहीं शहीद उर्फ शहजाद अली मूल रूप से खंडेला (सीकर) निवासी यह आरोपी वर्तमान में भट्टा बस्ती की न्यू संजय नगर कच्ची बस्ती में छिपकर रह रहा था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी उस्मान एक शातिर अपराधी है, जिस पर जयपुर के विभिन्न थानों में चोरी (धारा 379) और लूट (धारा 392) सहित करीब 17 मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ सिंधीकैम्प, जालूपुरा, जवाहर नगर, श्याम नगर, ज्योति नगर, मोती डूंगरी, अशोक नगर, बजाज नगर, माणक चौक, कोतवाली, वैशाली नगर और कानोता थानों में मामले दर्ज हैं।इस कार्रवाई में थानाधिकारी माधोसिंह के साथ हैड कांस्टेबल गंगाराम, कांस्टेबल बाबूलाल और कांस्टेबल श्रवण ने मुख्य भूमिका निभाई।

गैस सिलेंडर व मोबाइल चोरी का आरोपी गिरफ्तार

जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने घरों से गैस सिलेंडर और मोबाइल फोन चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए दो घरेलू गैस सिलेंडर और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने घरों से गैस सिलेंडर और मोबाइल फोन चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी रवि मीणा (27) निवासी आमेर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल की है।

पुलिस अब आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है, जिससे इलाके में हुई अन्य चोरियों और वारदातों के खुलासा होने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here