एरिया डोमिनेशन अभियान में 901 गिरफ्तार

0
57

जयपुर। राजधानी के जयपुर पूर्व जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने बड़े स्तर पर एरिया डोमिनेशन अभियान चलाकर उनके हौसले पस्त कर दिए हैं। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के आदेशानुसार चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत पुलिस ने कुल 901 असामाजिक तत्वों और अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि जिले में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रो-एक्टिव पुलिसिंग के तहत विशेष कार्ययोजना बनाई गई थी। इसके लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल और समस्त सहायक पुलिस आयुक्तों के नेतृत्व में 197 टीमों का गठन किया गया।

अभियान के दौरान 813 पुलिसकर्मियों ने एक साथ 895 विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर धरपकड़ की। वहीं पकड़े गए आरोपियों में गंभीर अपराधों में लिप्त अपराधी भी शामिल हैं। जिसमें हार्डकोर अपराधी,हिस्ट्रीशीटर,स्थाई वारंटी,टॉप-10 अपराधी,आदतन अपराधी सहित 47 वारंटी और पूर्व प्रकरणों में वांछित 08 अपराधी भी शामिल है।

इसके अलावा महिला अत्याचार और जघन्य अपराध में 1-1 आरोपी तथा अवैध शराब व एनडीपीएस एक्ट में वांछित 04 अपराधियों को पकड़ा गया। अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न अधिनियमों के तहत नए मामले भी दर्ज किए हैं। इसमें एनडीपीएस एक्ट में 8, आबकारी अधिनियम में 54 और शस्त्र अधिनियम में 1 प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। इसके अलावा धारा 170 बीएनएस में 646 और धारा 129 बीएनएस में 67 असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here