खड़े ट्रेलर में घुसी बस: 2 की मौत, 15 से अधिक घायल

0
60

कोटपूतली/जयपुर। दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे-48 पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसा कोटपूतली क्षेत्र में बीडीएम हॉस्पिटल के सामने फ्लाईओवर पर हुआ, जहां सरियों से भरे खड़े ट्रेलर में तेज रफ्तार प्राइवेट बस पीछे से जा घुसी।

जानकारी के अनुसार मकराना से हरिद्वार जा रही निजी बस रात करीब 11:30 बजे कोटपूतली पहुंची। फ्लाईओवर पर अचानक सामने खड़े ट्रेलर को चालक समय पर नहीं देख पाया। बस की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और बस ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर में लदे लोहे के सरिए बस के केबिन को चीरते हुए अंदर तक घुस गए।

हादसे में बस चालक नागौर जिले के लाड़ौली निवासी चंद्रमोहन (55) और एक महिला यात्री बिच्चू देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बस में सवार करीब 22 यात्रियों में से 15 से अधिक घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बस से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत कोटपूतली के राजकीय बीडीएम हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को छुट्टी दे दी गई।

प्रत्यक्षदर्शियों और बस के सह-चालक ओमप्रकाश के अनुसार ट्रेलर हाईवे पर अंधेरे में खड़ा था। न तो उस पर कोई रिफ्लेक्टर या इंडिकेटर चालू था और न ही कोई चेतावनी संकेत लगाया गया था। अचानक सामने ट्रेलर आने से चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और हादसा हो गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रेलर चालक की लापरवाही सामने आ रही है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here