जयपुर। जयपुर के महेश नगर थाना क्षेत्र में बदमाशों द्वारा एक युवक पर हमला करने का मामला सामने आया है। 15-20 युवकों ने मिलकर न केवल युवक के साथ मारपीट की, बल्कि उसकी गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार परिवादी मोनू शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका ममेरा भाई हरीशंकर शर्मा पालिका बाजार क्षेत्र में चाय पी रहा था। इसी दौरान अचानक 15-20 युवक वहां पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने गंभीर मारपीट करने के साथ ही उसकी कार को पूरी तरह तोड़ दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना में घायल हरीशंकर शर्मा की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तुरंत जांच शुरू की और घटनास्थल का मुआयना किया। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
जांच के दौरान पुलिस ने हमले में शामिल आरोपियों की पहचान आदित्य मीणा, उमेश ठाकुर, दीपक सांसी, रोहित पटोनी और देवा गुर्जर के रूप में की। इनमें से देवा गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त एक बुलेट बाइक और एक एक्टिवा स्कूटर को जब्त किया है। साथ ही वाहन मालिकों सहित कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वायरल वीडियो में युवती से छेड़छाड़, आरोपी फरार
जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। वीडियो में बाइक सवार दो युवक एक युवती के साथ छेड़छाड़ करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) के अनुसार 9 अप्रैल को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक बाइक पर सवार दो युवक, दूसरी बाइक पर बैठी युवती के साथ अशोभनीय हरकत करते दिखाई दिए। प्रारंभिक जांच में यह घटना न्यू सांगानेर रोड स्थित इस्कॉन रोड के पास की पाई गई।
पुलिस ने वीडियो की पुष्टि करते हुए संबंधित बाइक चालक और ‘रैपिडो’ सेवा से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाले। युवती से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने घटना के संबंध में फिलहाल कोई औपचारिक पुष्टि नहीं की है और जयपुर से बाहर होने की जानकारी दी है।
जांच के दौरान पुलिस ने बाइक सवार युवकों की पहचान मनराज मीणा और सुदामा मीणा, निवासी टोंक, के रूप में की है। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया है और जल्द कार्रवाई का भरोसा जताया है।




















