जयपुर। महाकाल भगवान की पावन नगरी उज्जैन में गुरुवार को नव निर्मित प्रेम प्रकाश आश्रम का भव्य उद्घाटन श्रद्धा और भक्ति के माहौल में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर भगवान लक्ष्मी नारायण सहित संत परंपरा के पूज्य आचार्यों के विग्रहों की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा की गई तथा हवन-यज्ञ और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ।
प्रेम प्रकाश मंडल के संस्थापक आचार्य सतगुरु स्वामी टेऊँराम महाराज की परंपरा में स्थापित इस आश्रम का उद्घाटन पूज्य गुरुवर सतगुरु स्वामी भगत प्रकाश जी महाराज के सानिध्य में बैंक कॉलोनी, सुभाष नगर स्थित परिसर में सम्पन्न हुआ।
उद्घाटन समारोह के दौरान भगवान लक्ष्मी नारायण, आचार्य सद्गुरु स्वामी टेऊराम महाराज, सतगुरु स्वामी सर्वानंद महाराज, सतगुरु शांति प्रकाश महाराज एवं सद्गुरु हरिदास राम महाराज के श्री विग्रहों की विधिपूर्वक पूजा-अर्चना कर प्राण प्रतिष्ठा की गई। इसके साथ ही हवन-यज्ञ और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर शहर में एक भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समाजजन शामिल हुए। संत मंडल के श्रीमुख से सत्संग और भक्ति का रसपान कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
समारोह में ग्वालियर से संत हरिओम लाल मेहराम, इंदौर से स्वामी लाल चन्द तथा जयपुर से स्वामी मोहन लाल (स्वामी मोनू राम) सहित विभिन्न स्थानों से संत एवं प्रेमी सेवादार उपस्थित रहे।
आश्रम प्रबंधन के अनुसार अब यहां प्रतिदिन सुबह-शाम भजन, संकीर्तन, सत्संग, आरती और भोग जैसे धार्मिक कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक साधना का एक नया केंद्र उपलब्ध होगा।




















