एरिया डोमिनेशन अभियान में 1 हजार 841 ठिकानों पर दबिश

0
36

जयपुर। गुलाबी नगरी में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराधियों में भय स्थापित करने के उद्देश्य से जयपुर पुलिस आयुक्तालय द्वारा चलाया गया तीन दिवसीय विशेष ‘एरिया डॉमिनेशन’ अभियान प्रभावी कार्रवाई के साथ संपन्न हुआ। 7 से 9 अप्रैल तक चले इस व्यापक अभियान में शहर के पूर्व, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बड़ी संख्या में अपराधियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि इस अभियान के तहत कुल 397 विशेष टीमों का गठन किया गया, जिसमें थानों, पुलिस लाइन और डीएसटी के जवान शामिल रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं अभियान की मॉनिटरिंग करते हुए टीमों को ब्रीफ किया। इसके परिणामस्वरूप पुलिस ने 1 हजार 841 चिन्हित ठिकानों पर दबिश देकर 1 हजार 894 वांछित अपराधियों और असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया।

हिस्ट्रीशीटर और वारंटी आरोपी भी गिरफ्त में

अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में वांछित 29 हिस्ट्रीशीटरों को पकड़ा गया। इसके अलावा 245 स्थायी वारंटी और उद्घोषित अपराधियों के साथ 123 गिरफ्तारी वारंटियों में वांछित आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। वहीं शांति भंग और अन्य निरोधात्मक धाराओं के तहत 1082 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया।

नशे और अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई

अभियान के दौरान अवैध मादक पदार्थों और शराब तस्करी पर भी कड़ा प्रहार किया गया। आबकारी अधिनियम के तहत 134 प्रकरण दर्ज कर 124 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से 6163 पव्वे अवैध देशी व अंग्रेजी शराब तथा 15 लीटर हथकड़ शराब जब्त की। वहीं एनडीपीएस एक्ट के तहत 19 मामले दर्ज कर 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 419 ग्राम गांजा, 51.06 ग्राम एमडी, 28.13 ग्राम चरस, स्मैक और डोडा चूरा बरामद हुआ। इसके अतिरिक्त आर्म्स एक्ट के तहत अवैध हथियार रखने के 7 प्रकरण दर्ज किए गए।

यह अभियान विशेष पुलिस कमिश्नर (ऑपरेशन्स) ओमप्रकाश और डीसीपी (क्राइम) संजीव नैन के सुपरविजन में संचालित किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और अपराधियों में कानून का भय बनाए रखना है। इसी दिशा में भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रखे जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here