जयपुर। जयपुर ग्रामीण के चंदवाजी थाना क्षेत्र में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। खदान क्षेत्र में अवैध ब्लास्टिंग की तैयारी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने 795 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री का जखीरा जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि जयपुर ग्रामीण जिले में विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शाहपुरा) रणवीर सिंह और वृत्ताधिकारी जमवारामगढ़ रामकिशन विश्नोई के सुपरविजन में थानाधिकारी नितिन चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने ऑपरेशन को अंजाम दिया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि त्रिवेणी क्रेशर के पास खदान क्षेत्र में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री इकट्ठा कर अवैध ब्लास्टिंग की तैयारी की जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर दबिश देकर कांकड़ की ढाणी, मानपुरा माचेड़ी निवासी बाबूलाल यादव और सुरेश कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 286 नग अमोनियम नाइट्रेट बूस्टर (कुल 795 किलो), 121 डेटोनेटर डीटीएच वायर सहित, एक जिलेटिन बत्ती तथा 4 अतिरिक्त डेटोनेटर बरामद किए। इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बिना लाइसेंस रखना गंभीर अपराध माना जाता है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
आरोपी विस्फोटक सामग्री के संबंध में कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस कार्रवाई में पुलिस टीम के हरिराम, हेड कांस्टेबल सुभाष चंद और कांस्टेबल रोहिताश सहित अन्य कर्मियों की अहम भूमिका रही। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जांच में जुटी है।



















