जयपुर। मानसरोवर स्थित मुहाना मंडी रोड, मंगलम पैलेस में श्री श्याम परिवार गो सेवा समिति के तत्वावधान में प्रथम वार्षिक उत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर श्री श्याम बाबा की मूर्ति की विधि-विधान से प्राण-प्रतिष्ठा कराई गई।
कार्यक्रम में भजन मंडली ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा वातावरण भक्तिमय बना दिया। पंडित कैलाश आचार्य ने प्राण-प्रतिष्ठा से पूर्व प्रथम पूज्य भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना करवाई। इसके बाद नवग्रह, कुलदेवी एवं पितृ पूजन सम्पन्न कराया गया। साथ ही उन्होंने पूजा के दौरान विभिन्न देवी-देवताओं की आराधना के सही विधि-विधान और समय के महत्व की जानकारी भी श्रद्धालुओं को दी।

दक्षिणा का बताया महत्व
पंडित कैलाश आचार्य ने धार्मिक अनुष्ठानों में दक्षिणा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पूजा-पाठ के दौरान यदि कोई सामग्री अर्पित करना भूल जाएं, तो दक्षिणा के माध्यम से उसकी पूर्ति की जाती है। उन्होंने बताया कि पूजा के पश्चात पंडितों को दक्षिणा देने से अनुष्ठान का पूर्ण फल प्राप्त होता है।
15 दंपत्तियों ने किया अभिषेक
उत्सव के दौरान 15 विवाहित दंपत्तियों ने 9 प्रकार के जूस, इत्र एवं गंगाजल से श्री श्याम बाबा का अभिषेक किया। समिति के संरक्षक राधेश्याम टेलर ने अपनी धर्मपत्नी गणेशी देवी के साथ पूजा में विशेष भूमिका निभाई। संपूर्ण अनुष्ठान उनके सानिध्य में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरे आयोजन में भक्ति एवं उत्साह का वातावरण बना रहा।




















