जयपुर। मानसरोवर स्थित मुहाना मंडी रोड के मंगलम पैलेस में श्री श्याम परिवार गो सेवा समिति के तत्वावधान में प्रथम वार्षिकोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में भव्य दरबार, अखंड ज्योति, छप्पन भोग और आकर्षक पुष्प सज्जा मुख्य आकर्षण रहे।
भजन संध्या के दौरान “हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा” सहित अनेक भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। भजन गायकों सावन नागदा, राहुल व्यास, पुरुषोत्तम बृजवासी सहित अन्य कलाकारों ने मधुर प्रस्तुतियां दीं, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।
उत्सव के दौरान 15 दंपत्तियों ने फलों के रस, इत्र और गंगाजल से बाबा श्याम का अभिषेक किया। आयोजन समिति के संरक्षक राधेश्याम टेलर ने धर्मपत्नी गणेशी देवी के साथ पूजा-अर्चना में प्रमुख भूमिका निभाई और उनके सानिध्य में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
संत-महंतों की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इत्र, गुलाब और मोगरा की सुगंध से पूरा परिसर महक उठा। साथ ही आयोजित भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।




















