महिला सुरक्षा के लिए जयपुर में 5 महिला पीसीआर वैन शुरू

0
69
5 Women's PCR Vans Launched in Jaipur for Women's Safety
5 Women's PCR Vans Launched in Jaipur for Women's Safety

जयपुर। महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस कमिश्नरेट जयपुर से पांच महिला पीसीआर वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रानू शर्मा उपस्थित रहीं।

अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (यातायात एवं प्रशासन) योगेश दाधीच ने बताया कि महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन पीसीआर वैन का संचालन दो पारियों में किया जाएगा। पहली पारी प्रातः 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक तथा दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से रात्रि 11 बजे तक कार्यरत रहेगी। ये सभी वैन पुलिस नियंत्रण कक्ष के सुपरविजन में संचालित होंगी और 1090 पर प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करेंगी।

उन्होंने बताया कि ये महिला पीसीआर वैन भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, महिलाओं की अधिक आवाजाही वाले स्थानों, स्कूल-कॉलेजों और मॉल्स के आसपास नियमित गश्त करेंगी। साथ ही किसी भी स्थान से सूचना मिलने पर नियंत्रण कक्ष द्वारा निकटतम पीसीआर वैन को तुरंत मौके पर भेजा जाएगा, जिससे त्वरित सहायता सुनिश्चित हो सके।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अजय सिंह, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) पार्थ शर्मा सहित पुलिस निरीक्षक अनीता एवं सपना और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here