विपक्ष ने ओछी राजनीति के चलते देश की करोड़ों माताओं—बहनों के अरमानों पर फेर दिया पानी: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

0
42

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में भजनलाल शर्मा ने संविधान संशोधन विधेयक 2026, परिसीमन विधेयक 2026 और केंद्र शासित प्रदेश कानून विधेयक को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष की राजनीति के कारण देश की करोड़ों महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में प्रतिनिधित्व देने की दिशा में बाधा उत्पन्न हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए ये विधेयक लाए, लेकिन कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और सपा जैसे दलों ने समर्थन नहीं देकर महिलाओं की आकांक्षाओं की अनदेखी की। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने ओबीसी महिला, परिसीमन और दक्षिण भारत के नाम पर भ्रम फैलाकर मुद्दे से ध्यान भटकाने का प्रयास किया।

सीएम शर्मा ने कहा कि संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को रोकना लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे देश की आधी आबादी की भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनका रुख महिलाओं के हितों के विपरीत रहा।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, उज्ज्वला योजना, जन-धन योजना और शौचालय निर्माण जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त किया है और अब राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि लोकसभा में अवरोध के बावजूद एनडीए सरकार महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय के लिए अपनी प्रतिबद्धता जारी रखेगी।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, भाजपा उपाध्यक्ष डॉ. अलका मूंदड़ा, सरिता गैना, सांसद मंजू शर्मा, प्रदेश मंत्री एकता अग्रवाल, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ और महामंत्री डॉ. मूर्ति मीणा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here