हाईवे पर तलवारें लहराकर हुड़दंग करने वाले सात आरोपी गिरफ्तार

0
106

जयपुर। राजधानी में जयपुर-दिल्ली हाईवे पर बाइक सवार युवाओं द्वारा तलवारें लहराकर दहशत फैलाने का मामला सामने आया है। गलता गेट थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य फरार साथियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में 20 से अधिक बाइकों पर सवार 40-50 युवक काफिले के रूप में हाईवे पर हुड़दंग करते नजर आए। यह घटना रविवार रात करीब 10:15 बजे की बताई जा रही है। वीडियो में युवक ट्रैफिक नियमों की खुलेआम अवहेलना करते हुए लहराते हुए बाइक चला रहे थे और चलती बाइकों पर तलवारें लहराकर राहगीरों में दहशत फैला रहे थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गलता गेट थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की और दबिश देकर सात युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में फरहान (24) निवासी ठाठर कॉलोनी आमेर, असगर अली (33) निवासी प्रभात कॉलोनी गलता गेट, मोहम्मद अजीम (32) निवासी रहीमन कॉलोनी, अजरूद्दीन उर्फ अज्जु (28) निवासी ईदगाह कच्ची बस्ती, सलीम कुरैसी (35) निवासी गुलजार कॉलोनी पाडामंडी, तौसिफ खान (26) निवासी एमडी रोड लालकोठी और जिशान खान (20) निवासी सैयद कॉलोनी शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हुड़दंग और दहशत फैलाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here