ऑपरेशन एंटी वेनम: पुलिस ने अवैध डोडा पोस्त के साथ नशा कारोबारी को किया गिरफ्तार

0
45
Police Arrest Drug Dealer with Illegal Opium Pods
Police Arrest Drug Dealer with Illegal Opium Pods

जयपुर। जयपुर ग्रामीण जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन एंटी वेनम’ के तहत मौखमपुरा थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक नशा कारोबारी को सवा किलो के करीब अवैध डोडा पोस्त चूरा के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक (जयपुर ग्रामीण) हनुमान प्रसाद ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक जयपुर रेंज द्वारा ड्रग्स तस्करों और सप्लायरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिले भर में सख्त निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर मौखमपुरा थाना क्षेत्र में नाकाबंदी की गई थी। नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे टीम ने घेराबंदी कर दबोच लिया।

तलाशी लेने पर आरोपी के पास मौजूद प्लास्टिक की थैली में 01 किलो 189 ग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा पाया गया। वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं होने पर पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी अचलाराम (28) निवासी सडा झुंड (बाड़मेर) को गिरफ्तार किया गया है। जो मौखमपुरा के नासनोदा स्थित एक निजी होटल में काम कर रहा था।

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह खेप कहां से लाया था और इलाके में किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई करने वाला था।
इस कार्रवाई को अंजाम देने में मौखमपुरा थानाधिकारी सुरेश कुमार, डीएसटी प्रभारी सुहेल खान, सउनि सुन्दर लाल और कांस्टेबल विजय कुमार, मनमोहन व सुरेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here