काफिले के बाउंसरों का कहर: एडवोकेट पर हमला कर लूटपाट

0
55

जयपुर। राजधानी के बनीपार्क थाना इलाके में मंगलवार सुबह किन्नर अखाड़ा से जुड़े काफिले के बाउंसरों द्वारा एक एडवोकेट के साथ मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। चिंकारा कैंटीन के पास मामूली विवाद के बाद हुए इस हमले में एडवोकेट का सिर फूट गया, वहीं मौके पर मौजूद एक होमगार्ड जवान को भी धमकाकर वीडियो डिलीट कराया गया।

पुलिस के अनुसार मानसरोवर के मांग्यावास निवासी एडवोकेट कुणाल शर्मा सुबह करीब 10 बजे सेशन कोर्ट जा रहे थे। चिंकारा कैंटीन की ट्रैफिक लाइट के पास वे अपनी कार पार्क कर रहे थे, तभी मध्यप्रदेश नंबर की छह लग्जरी गाड़ियां तेज रफ्तार से सीकर रोड की ओर जा रही थीं। इसी दौरान एक गाड़ी ने उनकी कार को टक्कर मार दी।

एसीपी (सदर) धर्मवीर सिंह ने बताया कि टक्कर के बाद काफिले की सभी गाड़ियां रुक गईं। बातचीत के लिए नीचे उतरे एडवोकेट पर गाड़ियों से उतरे 5-6 बाउंसरों ने हमला कर दिया। आरोप है कि बाउंसरों ने नुकीली वस्तु से सिर पर वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया और मोबाइल, नकदी व सोने की चेन छीन ली। बीच-बचाव करने आए लोगों और पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।

घटना के दौरान अग्निशमन कार्यालय में तैनात होमगार्ड जवान भूपेंद्र सिंह वीडियो बना रहे थे। बाउंसरों ने उन्हें पकड़कर धमकाया, जबरन गाड़ी में बैठाया और वीडियो डिलीट करवा कर मोबाइल लौटाया।

पीड़ित के अनुसार काफिला किन्नर अखाड़ा उज्जैन के महामंडलेश्वर काली नंद गिरी से जुड़ा था। काफिले में दो डिफेंडर, दो फॉर्च्यूनर, एक स्कॉर्पियो और एक अन्य कार शामिल थी, जिन पर हूटर लगे हुए थे।

घटना की सूचना पर पुलिस कंट्रोल रूम से नाकाबंदी करवाई गई। हरमाड़ा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए काफिले में शामिल एक गाड़ी को जब्त कर उसमें सवार चार लोगों को राउंडअप किया है।

पुलिस में एडवोकेट कुणाल शर्मा सहित अन्य वकीलों की ओर से शिकायत दी गई है, जिस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर आरोपियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here