बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़: सात चोरी की बाइक सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

0
72
Three Accused Arrested with Seven Stolen Bikes
Three Accused Arrested with Seven Stolen Bikes

जयपुर। करधनी थाना पुलिस ने वाहन चोरी और दुकानों में सेंधमारी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 चोरी की मोटरसाइकिलें, बैटरियां, अल्टरनेटर और सेल्फ सहित अन्य सामान बरामद किया है। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि करधनी थाना पुलिस ने वाहन चोरी और दुकानों में सेंधमारी करने वाले शातिर गिरोह के शातिर बदमाश पीयूष यादव उर्फ चिंटू (30) निवासी नसीराबाद (अजमेर), तेजपाल (28) और फूलचंद (42) निवासी कापडियावास को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिन्हें हाथोज, खोराबावड़ी और बैनाड़ रोड क्षेत्र से चुराया गया था। इसके अलावा दुकान से चोरी की गई 4 बैटरियां, 8 अल्टरनेटर और 2 सेल्फ भी बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों व शहर में हुई अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

थानाधिकारी सवाई सिंह ने बताया कि बलुपुरा रायथल निवासी दिनेश यादव ने मामला दर्ज करवाया था कि उसकी गोविन्दपुरा (करधनी) स्थित श्री कृष्णा बैटरी एंड टायर्स दुकान के ताले तोड़कर चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जहां से चोरों ने दुकान से 40 गाड़ियों के सेल्फ और 8 बैटरियां चोरी कर ले गए थे।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता और एसीपी (झोटवाड़ा) आलोक कुमार के निर्देशन में पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की पहचान करते हुए धर—दबोचा।

उन्होंने बताया कि तीनों आरोपियों पर पहले से मुकदमें दर्ज हैं। जिसमें पीयूष यादव के खिलाफ करधनी थाने में दो मुकदमे दर्ज हैं। जबकि तेजपाल के खिलाफ हत्या और मारपीट के दो मुकदमे दर्ज हैं और वहीं फूलचंद के खिलाफ हत्या सहित चार मुकदमे दर्ज हैं। दोनों हत्या के मामले में जमानत पर बाहर हैं। पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। इनसे पूछताछ में कई और वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here