जयपुर। श्याम नगर थाना पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक शातिर दुपहिया वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी नशे की लत पूरी करने के लिए बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि श्याम नगर थाना पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक शातिर दुपहिया वाहन चोर आकाश नायक (26)निवासी डीडवाना कुचामन हाल भांकरोटा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आकाश नायक नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें कम दामों में बेच देता था। आरोपी मूल रूप से मीण्डा गांव का निवासी है तथा वर्तमान में भांकरोटा क्षेत्र स्थित आसरा अपार्टमेंट में रह रहा था। पुलिस अब आरोपी से अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।



















